जल जमाव से त्रस्त ग्रामीणों ने किया विरोध,, प्रशासन ने दिया आश्वासन
सिमरी बाजार से बक्सर को जाने वाली सड़क पर ग्रामीण युवाओं ने किया विरोध

सिमरी (बक्सर), सोमवार।
बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत सिमरी बाजार से रामोपट्टी होते हुए बक्सर को जाने वाली मुख्य सड़क पर वर्षों से हो रहे जलजमाव और जर्जर सड़क के विरोध में सोमवार को ग्रामीण युवकों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने अचानक धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व युवा समाजसेवी विकास कुमार पांडे तथा बलिहार पंचायत के पंचायत समिति सदस्य अंगद कुमार सिंह ने किया। सड़क की बदहाल स्थिति और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।
धरना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में हलचल मच गई। मौके पर अंचलाधिकारी भगवती शंकर पांडे, राजस्व अधिकारी राहुल कुमार तथा थाना अध्यक्ष ज्योति कुमारी पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीण सड़क की तत्काल मरम्मत एवं सड़क किनारे स्थायी नाला निर्माण की मांग पर अड़े रहे। अधिकारियों ने वरीय पदाधिकारियों से बातचीत कर समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
मामले को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि हाल ही में आयोजित दिशा की बैठक में भी सड़क मरम्मत एवं नाला निर्माण का मुद्दा उठाया गया था। उन्होंने कहा कि सोमवार को जिला प्रशासन को लिखित रूप से प्रस्ताव भेज दिया गया है तथा एक सप्ताह के भीतर सड़क मरम्मत और नाला निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया गया है।
सिमरी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि प्रमोद कुमार पांडे ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की संभावित यात्रा से पूर्व दो बार सड़क की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन गांव के जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण नाले का पानी सड़क पर बहने लगा। इससे सड़क खाईनुमा और बेहद खतरनाक हो गई है।
स्थानीय युवकों ने बताया कि सड़क पर जलजमाव और गड्ढों के कारण प्रतिदिन कोई न कोई बाइक चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।




