Uncategorized

बक्सर में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान शुरू, दो बूंद से सुरक्षित बचपन

वर्ष तक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो रोधी जीवनरक्षक दो बूंद

बक्सर। पंचायत विकास दिवस के अवसर पर रविवार को बक्सर जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। डुमरांव अनुमंडल के नुआँव पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य पालन एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री सह बक्सर के प्रभारी मंत्री नन्द किशोर राम ने नवजात शिशु को पोलियो की दो बूंद खुराक पिलाकर अभियान की विधिवत शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त समाज का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक अभिभावक अपने पाँच वर्ष तक के बच्चों को समय पर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं।
जिला प्रशासन के अनुसार यह विशेष अभियान 28 जून से 2 जुलाई 2026 तक पूरे जिले में संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान जन्म से पाँच वर्ष तक के लगभग 2.60 लाख बच्चों को पोलियो रोधी वैक्सीन की दो बूंद खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रहे।
अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में कुल 760 टीमों का गठन किया गया है। इनमें 623 टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। वहीं 112 ट्रांजिट टीमें रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं अन्य प्रमुख आवागमन स्थलों पर तैनात रहेंगी, ताकि यात्रा के दौरान भी कोई बच्चा छूट न जाए। इसके अलावा 13 मोबाइल टीमें ईंट-भट्ठों, घुमंतू परिवारों तथा दुर्गम क्षेत्रों में पहुंचकर बच्चों को पोलियो की दवा उपलब्ध कराएंगी।
अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए 277 पर्यवेक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही आशा कार्यकर्ता, एएनएम, आंगनबाड़ी सेविकाएं एवं स्वयंसेवक सक्रिय रूप से अभियान में भाग लेकर घर-घर पहुंचेंगे और अभिभावकों को जागरूक करेंगे।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने जन्म से पाँच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद खुराक अवश्य पिलाएं, भले ही बच्चे को पहले भी यह खुराक दी जा चुकी हो। प्रशासन का कहना है कि प्रत्येक बच्चे की भागीदारी और समाज के सामूहिक सहयोग से ही बक्सर को पूरी तरह पोलियो मुक्त बनाने का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया जा सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button