भारत भूषण तिवारी प्रकरण में न्याय की मांग तेज, पूर्व सैनिक एकजुट
सैकड़ों पूर्व सैनिक परिवार से मिले, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

बेलौटी- – भोजपुर
(बक्सर)। इंडियन एक्स-सर्विसमैन मूवमेंट (आईईएसएम) बक्सर के बैनर तले रविवार को पूर्व सैनिकों ने बेलौटी गांव पहुंचकर दिवंगत भारत भूषण तिवारी के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए न्याय दिलाने का भरोसा दिया। आईईएसएम के चेयरमैन डॉ. मेजर पी.के. पाण्डेय के नेतृत्व में जिले के विभिन्न प्रखंडों से सैकड़ों पूर्व सैनिक करीब 15 वाहनों के काफिले के साथ पहुंचे। इस दौरान भारत भूषण तिवारी के दसवें श्राद्धकर्म में शामिल होकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। साथ ही वह स्थान भी देखा गया, जहां उनकी मृत्यु हुई थी।
डॉ. मेजर पी.के. पाण्डेय ने कहा कि भारत भूषण तिवारी के मामले में निष्पक्ष जांच हो तथा दोषियों को शीघ्र कठोर से कठोर सजा मिले। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक संगठन हर परिस्थिति में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा रहेगा और न्याय मिलने तक अपना समर्थन जारी रखेगा।
आईईएसएम के जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने हथियार डाल दिए हों तो उसकी हत्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने भारत भूषण तिवारी को शहीद का दर्जा देने की मांग करते हुए कहा कि वे समाज के कमजोर और वंचित वर्गों की आवाज उठाते थे।
जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने कहा कि इस घटना की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी मामले में कानून का उल्लंघन हुआ है तो जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने समाज से भी अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की।
इस दौरान “भारत माता की जय”, “भारत भूषण तिवारी अमर रहें” और “भारत भूषण तिवारी को न्याय दो” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। पूर्व सैनिक इंडियन आर्मी की टोपी पहनकर अनुशासित ढंग से कार्यक्रम में शामिल हुए, जिससे पूरा माहौल देशभक्ति और एकजुटता से ओतप्रोत दिखाई दिया।
कार्यक्रम में सभापति कैप्टन बी.एन. पाण्डेय, लेफ्टिनेंट आर.बी. ओझा, सूबेदार कमलेश्वर सिंह, नायक शशिभूषण ओझा, कैप्टन कन्हैया पंडित, सार्जेंट विनोद तिवारी, कैप्टन संजय पाठक, सूबेदार मेजर आर.बी. सिंह, पेटी ऑफिसर सुरेंद्र सिंह सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारी एवं सैकड़ों पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।




