Uncategorized

केशोपुर सहयोग शिविर में ग्रामीणों की सुनी गई समस्याएं

केशोपुर (बक्सर)। सिमरी प्रखंड अंतर्गत केशोपुर पंचायत में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य शामिल हुए। शिविर का उद्देश्य पंचायत क्षेत्र के आम लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके घर के समीप उपलब्ध कराना तथा स्थानीय समस्याओं का यथासंभव मौके पर समाधान सुनिश्चित करना रहा।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याओं, मांगों और सुझावों से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया। डीएम ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी तथा समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे। इन काउंटरों पर ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभुकों से आवेदन भी प्राप्त किए गए। अधिकारियों एवं कर्मियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जानकारी दी। इसके पूर्व केशोपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि छोटू मिश्रा और पंचायत समिति सदस्य प्रमोद कुमार मिश्रा और सरपंच ने उपस्थित जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य और अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया ।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को जनता की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब नहीं करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
डीएम ने विशेष रूप से कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्ग के पात्र लाभुकों तक सरकार की योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया। शिविर में प्राप्त जन शिकायतों और आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को उपलब्ध कराया गया।
उन्होंने कहा कि इस तरह के सहयोग शिविरों से प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है। इससे स्थानीय स्तर पर समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान में तेजी आती है। जिला प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों में जनहित से जुड़े कार्यों और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता दे रहा है।
शिविर में सहायक समाहर्ता फर्खंदा कुरैशी, जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी,प्रशांत कुमार अंचल अधिकारी भगवती शंकर पांडे प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि विजय शंकर दुबे बालविकास प्रियोजना पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button