आल न्यूजबक्सरबिहारवायरल

तीन दिन से बंद मकान में मिला ज्वैलर्स संचालक का शव

दुर्गंध उठने पर हुआ खुलासा, छत के गलियारे में औंधे मुंह पड़ा था शव; एफएसएल टीम ने शुरू की जांच

बक्सर जिले के धनसोई बाजार में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बंद मकान से तेज दुर्गंध उठने लगी। आसपास के लोगों को मकान के समीप नाली में खून मिला तरल पदार्थ बहने की चर्चा से अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मकान का ताला तुड़वाया। अंदर प्रवेश करने पर छत के गलियारे में एक युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान खोचरिहा गांव निवासी श्रीराम सेठ के पुत्र संतोष सेठ के रूप में हुई है। वह धनसोई बाजार में आभूषण की दुकान चलाते थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

तीन दिनों से बंद था मकान, दुर्गंध से हुआ खुलासा

स्थानीय लोगों के अनुसार, संतोष सेठ धनसोई बाजार स्थित मकान में अकेले रहते थे। पिछले तीन दिनों से मकान का दरवाजा नहीं खुला था। गुरुवार को मकान से तेज दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। अनहोनी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने खोचरिहा गांव पहुंचकर मृतक के पिता को इसकी सूचना दी। बाद में धनसोई थाना पुलिस को भी मामले से अवगत कराया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मकान का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण मिस्त्री की मदद से ताला तोड़ा गया। पुलिस जब अंदर पहुंची तो संतोष सेठ छत के गलियारे में औंधे मुंह गिरे मिले। उनके मुंह से खून निकलने की बात भी सामने आई है। हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।

पत्नी की हो चुकी थी मौत, ननिहाल में रहती है बेटी

बताया जाता है कि संतोष सेठ की पत्नी की करीब एक वर्ष पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। उनकी छह वर्षीय बेटी अनवास गांव स्थित अपने ननिहाल में रहती है। पिता की मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों में शोक का माहौल है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेज दिया गया है। घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, संतोष सेठ नशे का सेवन भी करते थे, लेकिन इसे उनकी मौत का कारण नहीं माना जा सकता। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button