
बक्सर। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। ब्रह्मपुर थाने में तैनात एसआई नीरज कुमार को जमीन विवाद से जुड़े एक मामले में 50 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, एसआई पर मामले में विपक्षी पक्ष को बचाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप था।
जानकारी के अनुसार, रिश्वत मांगे जाने की शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले की जांच और कार्रवाई की रणनीति तैयार की। इसके बाद शुक्रवार को पटना से पहुंची निगरानी विभाग की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। इस दौरान एसआई नीरज कुमार को कथित तौर पर 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
शिकायत के बाद बिछाया गया जाल
बताया जा रहा है कि जमीन विवाद के मामले में कार्रवाई के दौरान विपक्षी पक्ष को राहत दिलाने के नाम पर रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत के आधार पर निगरानी विभाग की टीम ने पूरे मामले की पड़ताल की और इसके बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई को अंजाम दिया।
एसआई की गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे में चर्चा तेज हो गई है। वहीं, निगरानी विभाग की टीम आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है।

हालांकि, खबर लिखे जाने तक निगरानी विभाग की ओर से मामले में विस्तृत आधिकारिक
जानकारी सामने नहीं आई थी। गिरफ्तारी से जुड़े अन्य तथ्यों और आगे की कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।




