गंगा घाटों पर सुरक्षा का सख्त पहरा, खतरनाक घाटों पर छठ पूजा प्रतिबंधित
केशोपुर डेंजर जोन समेत कई घाटों पर बैरिकेडिंग, नाविकों, गोताखोरों और पुलिस बल की होगी तैनाती

सिमरी/बक्सर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सिमरी अंचल क्षेत्र में प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी भगवती शंकर पांडेय सहित विभिन्न पुलिस पदाधिकारियों ने गंगा नदी के प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाटों की स्थिति, जलस्तर, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की आवाजाही को लेकर आवश्यक जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान केशोपुर स्थित डेंजर जोन गंगा घाट सहित गंगौली, राजापुर, कालिका बगीचा एवं अन्य छठ घाटों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। अंचलाधिकारी भगवती शंकर पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार के निर्देश पर खतरनाक घाटों को चिह्नित कर वहां बैरिकेडिंग कराने तथा छठव्रतियों के पूजा करने पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकना और श्रद्धालुओं की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के सभी गंगा घाटों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही डेंगी नाव, मोटर बोट, प्रशिक्षित नाविकों और गोताखोरों की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल बचाव कार्य शुरू किया जा सके। नाविकों और गोताखोरों को सतर्क रहने तथा निर्धारित सुरक्षा नियमों के अनुसार ही नावों का परिचालन करने का निर्देश दिया गया है।
वहीं, सभी प्रमुख छठ घाटों पर पुलिस पदाधिकारियों और पुलिस बल के जवानों की तैनाती की जाएगी। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और घाटों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी करेंगे।
अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार की अपील :


अनुमंडल पदाधिकारी ने छठव्रतियों एवं आम श्रद्धालुओं से अपील की है कि प्रशासन द्वारा चिह्नित खतरनाक घाटों पर पूजा करने से बचें और सुरक्षित एवं निर्धारित घाटों पर ही अर्घ्य अर्पित करें। बैरिकेडिंग का उल्लंघन न करें तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी के सहयोग से छठ महापर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रद्धालु भी सतर्कता बरतें और सुरक्षित घाटों पर ही छठ पूजा करें।



