आल न्यूजबक्सरबिहार

29 नवंबर से शुरू होगी पंचकोशी परिक्रमा, पांच पड़ावों पर रहेंगी विशेष सुविधाएं

डीएम साहिला ने तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर

बक्सर। जिले की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी पंचकोशी परिक्रमा मेला को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 29 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस पांच दिवसीय मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और पांचों धार्मिक पड़ावों के समग्र विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। मंगलवार को जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया।

 

बैठक में बताया गया कि पंचकोशी परिक्रमा के दौरान श्रद्धालु परंपरागत पांच पड़ावों अहिरौली, नदांव, भभुअर, बड़का नुआंव एवं चरित्रवन में धार्मिक अनुष्ठान और परिक्रमा करेंगे। पंचकोशी परिक्रमा समिति के सदस्यों ने मेले के बेहतर आयोजन, धार्मिक स्थलों के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। डीएम ने सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।

 

जिला पदाधिकारी ने नगर परिषद बक्सर के कार्यपालक पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को पांचों पड़ावों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही शुद्ध पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वच्छ शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। मेला स्थलों तक पहुंचने वाले मार्गों की मरम्मती, संपर्क पथों को मजबूत करने तथा श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया।

 

मेले की धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता को देखते हुए पांचों पड़ावों पर आकर्षक प्रवेश और निकास द्वार बनाने तथा स्थलों के सौंदर्यीकरण का निर्देश दिया गया। वहीं, सिविल सर्जन को मेडिकल टीम, जीवनरक्षक दवाओं और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर को विधि-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण एवं सुरक्षा की मुकम्मल तैयारी करने की जिम्मेदारी दी गई है। डीएम ने सभी कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

 

डीएम साहिला ने कहा कि पंचकोशी परिक्रमा बक्सर की समृद्ध धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पांचों पड़ावों के तात्कालिक इंतजाम के साथ उनके दीर्घकालिक विकास को भी प्राथमिकता देने की बात कही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button