बक्सरबिहार

ट्रैफिक नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी S.D.P.O डुमरांव

हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, निर्धारित गति सीमा का पालन करना और लाल बत्ती पर रुकना जैसे नियम कानून पालन से चालक सुरक्षित रहते हैं।

समाचार बक्सर जिले के डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र से हैं जहां सोमवार को आरा बक्सर फोरलेन पर दो लेन बनाकर चल रहे ट्रकों पर डुमरांव प्रशासन ने सख्त रवैया अपनाया है। एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी स्वयं हाथ में डंडा लेकर उतरे और दो लेन बनाकर चल रहे लगभग 40 ट्रकों को एसडीपीओ ने घुमाकर पीछे भिजवा दिया। वहीं बालू पास कराने के नाम पर कुछ बिचौलियों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। एसडीपीओ के इस पहल की छोटे वाहन चालकों के अलावे स्थानीय लोगों ने भी काफी सराहना की। इससे फोरलेन पर ढकाइच से टोल नाका तक एक लेन पूरी तरह से जाम से मुक्त रहा जिससे छोटे वाहन चालकों को खासा सहूलियत मिली। जो गाड़ियां गलत लेन में चल रही थी उन्हें भी एसडीपीओ ने सही रास्ते में चलने के निर्देश दिए। लोगों ने माना कि प्रशासन अगर ऐसे ही सजग रहे तो सड़क दुर्घटनाओं का प्रकोप जरूर कम होगा।

लोगों को हो रही थी परेशानी

महाकुंभ के कारण उत्तर प्रदेश प्रशासन ने राज्य में भारी वाहनों पर रात्रि 9 बजे तक नो इंट्री लगा दिया है। ऐसे में बालू लेकर आने वाले और यूपी की तरफ जाने वाले ट्रक आरा बक्सर फोरलेन पर ही खड़े हो रहे हैं। इन ट्रकों के कारण एक लेन पूरी तरह ब्लॉक होता है, जिससे आम वाहन चालक और यात्री ट्रांसपोर्ट गलत लेन में चलने को मजबूर हैं। हालांकि ट्रक चालक एक लेन में खड़े हो तो जाम का असर लोगों पर नहीं पड़ेगा लेकिन आगे बढ़ने की होड़ में ट्रक और ट्रेलर चालक एक ही लेन में दो लाइन बनाकर चल रहे हैं जिससे फोरलेन पर एक लेन अवरुद्ध हो रहा है। इससे छोटे वाहन, आपात वाहन, पब्लिक ट्रांसपोर्ट सहित अन्य आवश्यक सेवा वाले वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।

बिचौलिए हिरासत में

एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी ने बताया कि बालू लदे ट्रक दो लाइन बनाकर चल रहे हैं। ऐसे में इनपर कारवाई करते हुए अतिरिक्त लाइन वाले ट्रकों पर कारवाई करते हुए उन्हें घुमाकर पीछे भिजवा दिया गया है। दोनों लाइन अवरुद्ध करने वाले ट्रक चालकों पर कारवाई की जा रही है। एसडीपीओ ने कहा कि ऐसी भी सूचना मिल रही है कि कुछ बिचौलिए पैसों के लालच में ट्रकों को पास कराने का प्रलोभन देकर उन्हें आगे बुला रहे हैं जिससे जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। ऐसे कुछ बिचौलियों को पुलिस ने हिरासत में भी ले लिया है। उनसे आवश्यक पूछताछ की जा रही है। पुख्ता साक्ष्य मिलने पर उनके विरुद्ध कारवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया जाएगा।

सड़क दुर्घटनाओं का न हो खतरा

फोरलेन पर ट्रक चालकों द्वारा एक लेन पूरी तरह से ब्लॉक करने के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है। अभी हाल ही में चंदा गांव के समीप जाम के कारण गलत लेन में चल रही बस ने सामने से टक्कर मार दिया था जिसमें कुल चार लोग जख्मी हो गए थे। ऐसी छिटपुट सड़क दुर्घटनाएं प्रतिदिन हो रही है। एसडीपीओ ने लोगों से अपील किया कि आप सही लेन में चलें। लेन को जाम से क्लियर कराने की जिम्मेदारी प्रशासन की है और प्रशासन अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए पूरी तरफ से प्रतिबद्ध है। अगर आम लोग गलत लेन में चलते हैं तो सड़क दुर्घटनाएं होना लाजमी है। ऐस में सही लेन चलें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा व्याप्त न हो।

नियमों का करें पालन

एसडीपीओ ने बताया कि एक ही लेन में दो लाइन बनाकर चल रहे ट्रकों पर चालान करना प्रशासन का उद्देश्य नहीं है। प्रशासन का उद्देश्य है कि ट्रक चालकों को अपनी गलती का एहसास हो और ट्रक चालक दो लाइन बनाकर न चलें। एसडीपीओ ने आम लोगों से भी अपील करते हुए कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। ये नियम हमारी सुरक्षा और सड़क पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए बनाए गए हैं। हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, निर्धारित गति सीमा का पालन करना और लाल बत्ती पर रुकना जैसे नियम हमारी और दूसरों की जान बचाते हैं। लापरवाही से वाहन चलाने से दुर्घटनाएं होती हैं, जिनसे जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है। ट्रैफिक नियमों का पालन करके हम न केवल अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी एक अच्छा उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।

कहते हैं एसडीपीओ

डबल लेन बनाकर चल रहे ट्रकों पर कारवाई की गई है। चालान काटना उद्देश्य नहीं है, नियमों का पालन नितांत आवश्यक है। ट्रक पास कराने वाले बिचौलियों पर भी पुलिस की पैनी नजर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button