Uncategorized

किसान रजिस्ट्री अभियान तेज, डोर-टू-डोर सर्वे से लक्ष्य साधने की पहल 

सुबह सात बजे से शिविर, प्रशासन सख्त, शत-प्रतिशत पंजीकरण का निर्देश

बक्सर जिले में किसान रजिस्ट्री अभियान को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला के स्पष्ट निर्देश पर इस अभियान को मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है, ताकि जिले के सभी पात्र किसानों का समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सके। इसके तहत सभी प्रखंडों में किसान रजिस्ट्री शिविर प्रातः 7 बजे से संचालित किए जा रहे हैं। साथ ही अब डोर-टू-डोर अभियान भी शुरू कर दिया गया है, जिससे कोई भी किसान इस महत्वपूर्ण व्यवस्था से वंचित न रह जाए।

सरकारी कृषि योजनाओं का निर्बाध और पारदर्शी लाभ किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सर्वे अमीन, राजस्व कर्मचारी एवं ऑपरेटर किसानों के घर-घर जाकर उनका पंजीकरण कर रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले में किसान रजिस्ट्री का 100 प्रतिशत लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाए।

अभियान की सघन निगरानी के लिए दोनों अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) तथा सभी प्रखंड प्रभारी पदाधिकारी स्वयं फील्ड में रहकर प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं। तकनीकी या प्रक्रियागत समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु प्रत्येक प्रखंड में ब्लॉक स्तरीय मॉनिटरिंग सेल की स्थापना की गई है, जबकि जिला स्तर पर डिस्ट्रिक्ट मॉनिटरिंग सेल लगातार समन्वय कर समस्याओं का निस्तारण कर रहा है।

अपर समाहर्ता, बक्सर ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों व कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी शिविर में अथवा घर पर आने वाले कर्मियों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराते हुए किसान रजिस्ट्री अवश्य कराएं, ताकि उन्हें सभी सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button