

अंचलाधिकारी भगवती शंकर पांडे,, यूट्यूब न्यूज़ वीडियो देखें
सिमरी/बक्सर सिमरी अंचल क्षेत्र के तिलक राय के हाता थाना अंतर्गत नियाजीपुर पंचायत के लाल सिंह के डेरा गांव के समीप शुक्रवार को गंगा नदी में डूबने से एक किशोरी और एक किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे दियारा इलाके में मातमी माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार की शाम करीब 3:50 बजे टेकमन के डेरा गांव निवासी घरभरन यादव की करीब 10 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी और किशुन बिहारी यादव का करीब 9 वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार लाल सिंह के डेरा के समीप गंगा नदी के किनारे पशु चराने गए थे। बताया गया कि दोनों बच्चे एक भैंस पर सवार थे। इसी दौरान भैंस पानी पीने के लिए नदी के समीप पहुंची। अचानक किसी कारण से दोनों बच्चे भैंस से गिर गए और पैर फिसलने के कारण गहरे पानी में चले गए।घटना की सूचना मिलते ही सिमरी अंचल के अंचलाधिकारी भगवती शंकर पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटना स्थल प्रतापपुर मौजा पर पहुंचने के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित थे। इसके बाद स्थानीय लोगों ने गंगा नदी में बच्चों की तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर तिलकराय के हाता थानाध्यक्ष रोहित कुमार भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के अथक प्रयास और खोजबीन के बाद दोनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दियारा क्षेत्र में शोक की लहर है। मौके पर बिलखते परिजनों को देखकर ग्रामीण भी भावुक हो उठे।
वहीं उपस्थित जिला पार्षद केदार सिंह यादव ने रोते बिलखते परिजनों को समझाया उन्होंने की होनी अनहोनी किसी के बस की बात नहीं है । आप लोग धैर्य रखिए हम सभी लोग आपके दुख सुख की घड़ी में साथ रहेंगे
अंचलाधिकारी भगवती शंकर पांडेय ने दियारा क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील किया है कि बच्चों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखें और उन्हें गंगा नदी तथा अन्य गहरे जलस्रोतों के आसपास जाने या स्नान करने से रोकें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार दियारा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।



