आल न्यूजबक्सरबिहार

दहेज उत्पीड़न कांड में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, एक साल बाद पुलिस को मिली सफलता

दिल्ली से पकड़ा गया मृतका का पति, पीएमसीएच में इलाज के दौरान हुई थी ज्योति की मौत

बक्सर जिले के नया भोजपुर थाना क्षेत्र के चर्चित दहेज उत्पीड़न मामले में पुलिस ने करीब एक साल बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य नामजद आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गायघाट निवासी राहुल कुमार ओझा के रूप में हुई है। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। कार्रवाई नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पुराना भोजपुर निवासी मदन शुक्ला ने अपनी पुत्री ज्योति कुमारी के पति समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। दर्ज कांड संख्या 109/25 के मुताबिक, ज्योति कुमारी की शादी 28 फरवरी 2017 को हिंदू रीति-रिवाज से गायघाट निवासी राहुल कुमार ओझा के साथ हुई थी। शादी के बाद दंपति को दो बच्चे भी हुए।
मृतका के पिता का आरोप था कि शादी के कुछ समय बाद ही दहेज की मांग को लेकर ज्योति के साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाने लगी। कई बार पंचायत के माध्यम से विवाद सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। आरोप के अनुसार, पति ज्योति को अपने साथ दिल्ली भी ले गया, जहां भी उसके साथ मारपीट की गई।
वर्ष 2023 में ज्योति अपने मायके लौट आई थी। बाद में न्यायालय के आदेश पर उसे दोबारा ससुराल भेजा गया। इसके बाद उसकी तबीयत लगातार खराब रहने लगी। परिजनों ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष द्वारा उसका समुचित इलाज नहीं कराया गया। बाद में इलाज के दौरान 26 सितंबर को पीएमसीएच, पटना में ज्योति कुमारी की मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। आरोपी राहुल कुमार ओझा घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस ने तकनीकी एवं अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाने के बाद उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
मामले में नामजद सास किशोरी देवी और देवर अक्षयवर ओझा पूर्व से ही जमानत पर हैं। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और केस से जुड़े अन्य बिंदुओं पर भी पुलिस कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button