
बक्सर। जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार की सुबह वीर कुंवर सिंह ऊपरी पुल पर नियमित वाहन जांच के दौरान पुलिस/जांच टीम ने एक संदिग्ध डीसीएम ट्रक को रोका। टीम ने चालक को आगे उजाला पट्टी स्थित चेक पोस्ट से करीब 50 मीटर दूर वाहन रोकने का निर्देश दिया। इसी दौरान टीम के पहुंचने से पहले ही चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
संदेह के आधार पर जब टीम ने डीसीएम ट्रक की विधिवत जांच शुरू की तो ऊपर से ट्रक में बंदा गोभी लदी हुई मिली। हालांकि, गोभी के नीचे छिपाकर रखी गई शराब की भारी खेप देखकर जांच टीम भी हैरान रह गई। तलाशी के दौरान ट्रक से चंडीगढ़ निर्मित विदेशी शराब के कुल 150 कार्टन बरामद किए गए, जिसकी मात्रा करीब 1332 लीटर बताई गई है।
बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 16 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने शराब से लदे डीसीएम ट्रक को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शराब की खेप तस्करी के उद्देश्य से ले जाई जा रही थी।
फरार चालक की पहचान और वाहन मालिक का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। संबंधित वाहन के कागजात और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार मामले में मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।




