आईईएसएम चेयरमैन मेजर जनरल सतबीर सिंह ने आईईएसएम बक्सर को दिया कंप्यूटर
विशेष बैठक में सैनिक एकता और मांगों पर हुई चर्चा

बक्सर, 28 सितम्बर 2025 :
इंडियन एक्स सर्विसमेन मूवमेंट (IESM) बक्सर की कार्यकारिणी समिति की विशेष बैठक रविवार को सैनिक कार्यालय, मां मुंडेश्वरी अस्पताल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में आईईएसएम के जनरल सेक्रेटरी लेफ्टिनेंट कामेश्वर पाण्डेय उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के सम्मान से हुई, जहां उन्हें अंगवस्त्र, मोमेंटो, फोटो और माल्यार्पण देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आईईएसएम चेयरमैन मेजर जनरल सतबीर सिंह (सेना मेडल) ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी सैनिकों को संबोधित किया। उन्होंने बक्सर इकाई के सराहनीय कार्यों की सराहना करते हुए कार्यालय को एक कंप्यूटर भेंट किया।
जनरल सतबीर सिंह ने कहा कि आईईएसएम बक्सर राष्ट्रीय स्तर पर संगठन की प्रतिष्ठा बढ़ा रहा है। उन्होंने सैनिकों से अपील की कि इसी तरह एकजुट रहकर समाज और राष्ट्र सेवा में योगदान दें। साथ ही आश्वस्त किया कि सैनिकों की मांगों को समय-समय पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में चल रहे विभिन्न मामलों और संगठन की उपलब्धियों पर भी विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष विद्या सागर चौबे ने बिहार सरकार से लंबित मांगों का जिक्र करते हुए कहा कि अब तक कैंटीन, सोल्जर बोर्ड, ईसीएचएस और सैनिक आरामगृह के लिए 50 डिसमिल जमीन उपलब्ध नहीं कराई गई है। इस पर जनरल साहब ने सरकार को पुनः पत्र लिखने का आश्वासन दिया।
जनरल सेक्रेटरी लेफ्टिनेंट कामेश्वर पाण्डेय ने भी अपने सम्मान पर आभार व्यक्त करते हुए सैनिकों को संगठन की गतिविधियों और चल रही मांगों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन कैप्टन बी.एन. पाण्डेय ने किया। इस मौके पर उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट आर.बी. ओझा, महासचिव कैप्टन श्रीनिवास सिंह, कोषाध्यक्ष सूबेदार मेजर आर.बी. सिंह, संयोजक रामनाथ सिंह, मीडिया प्रभारी गणेश सिंह सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक मौजूद रहे।




