Uncategorized

पर्यटन मंत्री ने बक्सर में बजट होटल एवं मंदिर कार्यों का निरीक्षण

गुणवत्ता, समयबद्धता और पर्यटन विकास प्रस्ताव पर दिया विशेष जोर

बक्सर बिहार सरकार के माननीय पर्यटन मंत्री द्वारा बक्सर जिले में पर्यटन विभाग की महत्वपूर्ण योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस क्रम में बक्सर गोलंबर स्थित विश्वामित्र बिहार बजट होटल के निर्माण कार्य तथा ब्रह्मपुर प्रखंड अंतर्गत बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर के फेज-2 निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान माननीय मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और कार्यों की गुणवत्ता, डिज़ाइन तथा समय-सीमा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यपालक अभियंता, पर्यटन विभाग को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

इसके साथ ही माननीय मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने बक्सर जिले के धार्मिक, पौराणिक एवं ऐतिहासिक महत्व के स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जिला पदाधिकारी के साथ इस विषय पर विस्तृत विमर्श किया और निर्देश दिया कि बक्सर के प्रमुख पर्यटन स्थलों के समग्र विकास हेतु ठोस एवं व्यवहारिक प्रस्ताव तैयार कर विभाग को समर्पित किया जाए।

माननीय मंत्री ने कहा कि बक्सर की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए पर्यटन ढांचे का सुदृढ़ीकरण आवश्यक है। इन योजनाओं के पूर्ण होने से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान पर्यटन विभाग के अधिकारी एवं जिला प्रशासन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button