Uncategorized

बक्सर में दिशा बैठक, विकास योजनाओं की गहन समीक्षा

सांसद सुधाकर सिंह की अध्यक्षता, विधायक शंभूनाथ सिंह ने सौंपा ज्ञापन

बक्सर समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में शुक्रवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय लोकसभा सांसद श्री सुधाकर सिंह ने की। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी साहिला सहित विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। सांसद ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, आवास, मनरेगा तथा बिजली आपूर्ति से जुड़ी योजनाओं पर अधिकारियों से अद्यतन जानकारी ली और लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बैठक में ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास संबंधी मुद्दों को लेकर राजद विधायक श्री शंभूनाथ सिंह यादव ने सांसद को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र की जर्जर सड़कों, स्वास्थ्य सेवाओं की कमी, सिंचाई व्यवस्था, बाढ़ से प्रभावित इलाकों की समस्याओं तथा अधूरी योजनाओं को प्रमुखता से उठाया गया। विधायक ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
इस मौके पर सांसद सुधाकर सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा,
“दिशा बैठक का उद्देश्य योजनाओं को कागज से निकालकर जमीन पर उतारना है। आम जनता को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिले, इसके लिए अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करें।”
उन्होंने यह भी कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक के अंत में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button