Uncategorized

शीतलहर से राहत, बक्सर जिले में रैन बसेरा और अलाव व्यवस्था

शहर से ग्रामीण क्षेत्रों तक चिन्हित स्थानों पर प्रशासनिक तैयारी पूर्ण

बक्सर: जिले में बढ़ती ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा जरूरतमंदों के लिए व्यापक राहत व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। समाहरणालय बक्सर से जारी प्रेस विज्ञप्ति संख्या–413 के अनुसार जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रैन बसेरा तथा अलाव जलाने के लिए अनेक स्थलों को चिन्हित किया गया है, ताकि बेसहारा, गरीब एवं राहगीरों को ठंड से बचाव मिल सके।
प्रशासन ने बक्सर नगर परिषद क्षेत्र में किला मैदान पानी टंकी के पास स्थाई रैन बसेरा, डुमरांव नगर परिषद क्षेत्र में अनुमंडलीय अस्पताल एवं प्रखंड कार्यालय परिसर में स्थाई रैन बसेरा, इटाढ़ी में दुर्गा मंदिर तथा ब्रह्मपुर में शिव मंदिर के पास अस्थाई रैन बसेरा की व्यवस्था की है। इसके साथ ही नगर परिषद, नगर पंचायत एवं अंचल स्तर पर सैकड़ों प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है।
रामरेखा घाट, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार, अस्पताल, मंदिर परिसर, दलित एवं महादलित बस्तियों, चौक-चौराहों सहित सभी प्रमुख भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को अलाव हेतु चिन्हित किया गया है। डुमरांव, चौसा, इटाढ़ी, ब्रह्मपुर, सिमरी, राजपुर, नावानगर, केसठ, चौगाई सहित सभी अंचलों में बाजार, बस स्टैंड, स्वास्थ्य केंद्र एवं ग्रामीण हाट के पास अलाव जलाए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन ने संबंधित नगर निकायों और अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अलाव और रैन बसेरा की व्यवस्था नियमित रूप से संचालित रहे तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। जिला प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि ठंड के इस मौसम में कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति राहत से वंचित न रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button