सिमरी प्रखंड के ग्राम पंचायत डुमरी को मिली राष्ट्रीय पहचान
गणतंत्र दिवस समारोह में बक्सर के मुखिया विशेष अतिथि नामित

बक्सर जिले के लिए गौरव का विषय सामने आया है। आगामी 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस समारोह में बक्सर जिलान्तर्गत प्रखंड सिमरी, ग्राम पंचायत डुमरी के माननीय मुखिया श्री प्रेम सागर कुंवर को विशेष अतिथि के रूप में नामित किया गया है। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी श्रीमती शोमा देवी भी समारोह में सहभागी होंगी।
इस संबंध में जिला पंचायत राज पदाधिकारी, बक्सर श्री सचिन कुमार (वि०प्र०से०) द्वारा परियोजना निदेशक, बिहार राज्य पंचायत संसाधन संस्था, पंचायती राज विभाग, बिहार, पटना को आधिकारिक पत्र प्रेषित किया गया है। यह नामांकन बिहार राज्य पंचायत संसाधन संस्था के पत्रांक 1752, दिनांक 17 दिसंबर 2025 के आलोक में किया गया है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि ग्राम पंचायत डुमरी में पंचायत स्तरीय विकास कार्यों, सुशासन, पारदर्शिता तथा जनभागीदारी के क्षेत्र में किए गए सराहनीय प्रयासों के आधार पर यह सम्मान प्रदान किया गया है। गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर देश की राजधानी में आयोजित कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि की सहभागिता ग्रामीण लोकतंत्र और पंचायती राज व्यवस्था की सशक्त भूमिका को दर्शाती है।
इस निर्णय की सूचना जिला पंचायत संसाधन केंद्र, बक्सर के डीपीआरसी नोडल, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी सिमरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सिमरी सहित उप विकास आयुक्त एवं जिला पदाधिकारी, बक्सर को भी सादर सूचनार्थ प्रेषित की गई है।
जिले में इस खबर से हर्ष का माहौल है। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इसे पूरे बक्सर जिले के लिए सम्मान बताते हुए कहा कि इससे अन्य पंचायतों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।




