मासिक शिवरात्रि पर ब्रह्मपुर मंदिर में धू धू कर जली श्रद्धालु की कार
ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर परिसर में जली कार

ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र स्थित बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर परिसर में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब पूजा-दर्शन को पहुंचे एक श्रद्धालु की कार में अचानक भीषण आग लग गई। बलिया जिले के नगवां गांव निवासी पंकज कुमार चौरसिया अपने परिवार के साथ मासिक शिवरात्रि के अवसर पर स्विफ्ट डिजायर कार से मंदिर पहुंचे थे। पूजा के लिए मंदिर में प्रवेश करने के बाद कुछ ही देर में सुबह करीब आठ बजे खड़ी कार से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा।
आग की लपटें उठती देख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सदल-बल मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार आग की लपटों में घिरी नजर आ रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पीड़ित परिवार की पहचान और आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




