उच्च विद्यालय सिमरी में शिक्षकों का भावपूर्ण सम्मान समारोह आयोजित
दशकों तक सेवा देने वाले शिक्षकों के स्थानांतरण पर भावुक विदाई, योगदान को किया गया नमन

+2 उच्च विद्यालय सिमरी में सोमवार को शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के वरिष्ठ एवं समर्पित शिक्षकों को भावभीनी विदाई दी गई। समारोह की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती सीमा ओझा ने की, जबकि मंच संचालन का दायित्व वरीय शिक्षक अवधेश राय ने निभाया।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा उन शिक्षकों के योगदान को याद किया गया, जिन्होंने वर्षों तक विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं विद्यालय की शैक्षणिक गरिमा को ऊँचाई तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह में उपस्थित सभी शिक्षकों ने अपने-अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में आए बदलावों, चुनौतियों एवं शिक्षक की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यालय के दो रत्न शिक्षक नरेंद्र कुमार एवं संदीप कुमार ओझा रहे, जिन्होंने दशकों तक +2 उच्च विद्यालय सिमरी में अपनी सेवाएँ दीं। वर्तमान में दोनों शिक्षकों का स्थानांतरण भगवान बुद्ध की ज्ञानस्थली गया जिला में होने पर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। वक्ताओं ने कहा कि दोनों शिक्षक अपने नए कार्यस्थल पर भी भगवान बुद्ध की तरह ज्ञान का प्रकाश फैलाते हुए विद्यार्थियों के जीवन को आलोकित करेंगे।
प्रधानाध्यापिका श्रीमती सीमा ओझा ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि विद्यालय को ऐसे समर्पित शिक्षक मिलने पर गर्व है और उनके द्वारा दिए गए योगदान को विद्यालय परिवार सदैव स्मरण रखेगा। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह सौहार्द, सम्मान और भावनात्मक वातावरण में संपन्न हुआ।




