पांचवीं बार गिरफ्तार हुआ बलिहार का शराब कारोबारी
सिमरी पुलिस ने सात लीटर महुआ शराब बरामद

बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए सात लीटर देसी महुआ शराब के साथ एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंगलवार की संध्या गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी ने बताया कि बलिहार गांव में शराब के अवैध कारोबार की सूचना मिलने के बाद तत्काल एक टीम गठित कर छापेमारी की गई। पुलिस जब गांव पहुंची तो संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली गई। इसी दौरान चंद्रिका राम, निवासी बलिहार गांव, के घर से सात लीटर देसी महुआ (जुलाई) शराब बरामद की गई। बरामदगी के बाद आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाध्यक्ष के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त शराब कारोबार के मामलों में पहले भी संलिप्त रहा है। यह उसकी पांचवीं गिरफ्तारी है, जिससे स्पष्ट है कि वह अवैध धंधे में लगातार सक्रिय था। पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बुधवार को आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। सिमरी थाना पुलिस ने दोहराया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।




