
बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चक्की लहना जाने वाली मुख्य सड़क पर बुधवार को एक मोटरसाइकिल सवार महिला गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिमरी में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल महिला की पहचान रमिता देवी (50 वर्ष), पति हनुमान यादव, निवासी मझवारी गांव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह अपने पुत्र के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी रिश्तेदारी में जा रही थीं। इसी दौरान खरहाटार यज्ञशाला से प्राणपुर को जाने वाली मुख्य सड़क पर असंतुलित होकर मोटरसाइकिल से गिर पड़ीं। गिरने से उनके माथे पर गंभीर चोट लग गई और वे लहूलुहान हो गईं।
घटना के तुरंत बाद परिजन और आसपास के लोग उन्हें आनन-फानन में सीएचसी सिमरी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों ने बताया कि महिला के सिर में गहरी चोट है और स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता व्यक्त की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर कई जगह ऊबड़-खाबड़ स्थिति और फिसलन के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। प्रशासन से सड़क की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई है ।




