डीएम-एसपी ने अधिकारियों को दिए सुरक्षा, यातायात, निगरानी संबंधी आवश्यक निर्देश
श्रावणी मेले की सुरक्षा हेतु प्रशासन पूरी तैयारी के साथ मैदान में

सुन्दर लाल की रिपोर्ट -: बक्सर। श्रावणी मेला 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर परिसर में जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण ब्रीफिंग आयोजित की गई। जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल को संबोधित करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक श्रावण मास के प्रत्येक रविवार, सोमवार तथा 11 अगस्त को शिवरात्रि के अवसर पर सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी निर्धारित समय पर अपने-अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहेंगे। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को क्षेत्र का लगातार भ्रमण कर तैनाती एवं व्यवस्थाओं की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।
रामरेखा घाट बक्सर एवं महादेवा घाट चौसा पर मिनी नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाएंगे। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सादे वेश में पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। घाटों पर सुरक्षित जलस्तर तक रस्सी से घेराबंदी, स्वयंसेवकों की तैनाती तथा एनसीसी एवं स्थानीय समितियों के सहयोग से श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
बक्सर शहर में श्रावण मास के प्रत्येक रविवार एवं सोमवार को भारी वाहनों के प्रवेश पर निर्धारित समय तक प्रतिबंध रहेगा। वहीं वीर कुंवर सिंह चौक से रामरेखा घाट मोड़ होते हुए अलका सिनेमा तक दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण रोक रहेगी। प्रमुख मंदिरों एवं घाटों पर प्रभावी क्यूआरटी, बैरिकेडिंग, ड्रॉप गेट, पार्किंग एवं नियंत्रण कक्ष की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
नगर निकायों को मंदिरों, गंगा घाटों एवं अन्य पूजा स्थलों की साफ-सफाई, अस्थायी शौचालय, महिला चेंजिंग रूम, पेयजल तथा सीसीटीवी कैमरों को लगातार संचालित रखने का निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस, मेडिकल टीम, ऑक्सीजन, जीवनरक्षक दवाओं एवं एंटी स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति एवं जर्जर तारों की मरम्मत करने का निर्देश दिया गया है।
श्रावणी मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए 110 स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस बल सहित गश्ती दल, कंट्रोल रूम, बैरिकेडिंग, ड्रॉप गेट एवं पार्किंग स्थलों पर अतिरिक्त अधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर अफवाहों पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए हैं।




