स्कूल जाते समय पलटा ऑटो, चीख-पुकार से दहला घटना स्थल
चुरामनपुर फोरलेन पर कार की टक्कर, आठ शिक्षक गंभीर घायल हुए

बक्सर। बक्सर जिले के चुरामनपुर फोरलेन पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो सवार लगभग आठ शिक्षक-शिक्षिकाएं घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब बक्सर से रिजर्व ऑटो सिमरी प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को लेकर स्कूल जा रहा था। चुरामनपुर स्थित नए पेट्रोल पंप के समीप पीछे से आ रही एक काले रंग की कार ने ऑटो में तेज रफ्तार से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया और उसमें सवार शिक्षक-शिक्षिकाओं में चीख-पुकार मच गई।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के दुकानदार, ग्रामीण और राहगीर मौके पर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने पलटे ऑटो में फंसे शिक्षकों को बाहर निकाला और प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के वाहन चालकों ने भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।
मिली जानकारी के अनुसार घायल शिक्षकों में बाय हाई स्कूल की शिक्षिका अर्पणा कुमारी, सोनम कुमारी, सीमा कुमारी तथा अंशिका के अलावा मध्य विद्यालय खैरापट्टी के शिक्षक हरेंद्र राम सहित अन्य चार शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए तत्काल बक्सर सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना में घायल मध्य विद्यालय खैरापट्टी के शिक्षक हरेंद्र राम ने बताया कि वे प्रतिदिन की तरह रिजर्व ऑटो से बक्सर से सिमरी स्थित विद्यालय जा रहे थे। जैसे ही ऑटो चुरामनपुर फोरलेन स्थित नए पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, पीछे से तेज गति में आई काले रंग की कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो पलट गया और सभी शिक्षक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घटना के बाद कुछ समय के लिए फोरलेन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से राहत एवं बचाव कार्य तेजी से पूरा किया गया। खबर लिखे जाने तक प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से उनका पक्ष जानने के लिए मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। हादसे के बाद शिक्षकों और उनके परिजनों में गहरी चिंता का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।





