Uncategorized

फर्जी कॉल, लिंक और ओटीपी साझा करने से बचने की दी गई सीख

सावधानी ही साइबर सुरक्षा की सबसे बड़ी ढाल, छात्रों को मिला संदेश

सिमरी (बक्सर)। बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श +2 उच्च विद्यालय, सिमरी के सभागार में मंगलवार को विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक अवधेश कुमार राय ने की। मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी त्रिलोकी नाथ पांडे उपस्थित रहे। वहीं सिमरी थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी एवं सब-इंस्पेक्टर सोनम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के बढ़ते मामलों और उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बताया गया कि डिजिटल युग में मोबाइल, इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग अत्यंत आवश्यक है। साइबर ठग स्वयं को बैंक अधिकारी, सरकारी कर्मचारी या किसी प्रतिष्ठित संस्था का प्रतिनिधि बताकर लोगों से आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी, व्हाट्सएप ओटीपी और अन्य व्यक्तिगत जानकारियां हासिल करने का प्रयास करते हैं। ऐसी किसी भी कॉल, संदेश या लिंक पर बिना सत्यापन भरोसा नहीं करना चाहिए।

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी त्रिलोकी नाथ पांडे ने कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों के लिए तकनीकी ज्ञान जितना जरूरी है, उतनी ही आवश्यक साइबर सुरक्षा की जानकारी भी है। उन्होंने छात्रों से इंटरनेट का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना अपने अभिभावकों और शिक्षकों को देने की अपील की।

सिमरी थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी ने कहा, “साइबर अपराधी लोगों की छोटी-सी लापरवाही का फायदा उठाकर आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं। कोई भी बैंक, सरकारी विभाग या पुलिस फोन पर ओटीपी, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी नहीं मांगती। यदि किसी अज्ञात नंबर से इस प्रकार की जानकारी मांगी जाए या संदिग्ध लिंक भेजा जाए, तो तुरंत सावधान हो जाएं। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में बिना देर किए निकटतम थाना अथवा साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।”

उन्होंने विद्यार्थियों को अनधिकृत (अनऑथराइज्ड) मोबाइल ऐप डाउनलोड करने से बचने, मजबूत पासवर्ड रखने, सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक पर प्रतिक्रिया नहीं देने की सलाह दी। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। मौके पर शिक्षक रौनक कुमार राजेश कुमार श्रीकांत यादव सुखपाल पीयूष कुमार राजेंद्र सिंह नवल कुमार अनिल कुमार राय बालाजी पांडे दिनेश तिवारी जीवन उल हक फरीदी सोनल कुमारी तृप्ति कुमारी विनोद राय अंजली पाठक सहित अन्य शिक्षक शिक्षिकाएं के साथ विद्यालय के छात्र छात्राएं मौजूद रहे ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button