श्रावणी मेले की तैयारी तेज, मंदिरों घाटों का प्रशासनिक निरीक्षण संपन्न हुआ
सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात, चिकित्सा सुविधाओं पर अधिकारियों ने दिए आवश्यक निर्देश

बक्सर। (संवाददाता) सुन्दर लाल सिमरी :- आगामी श्रावणी माह में लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से ब्रह्मपुर स्थित बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर, डुमरांव के जंगली महादेव शिव मंदिर तथा बक्सर के रामरेखा घाट का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर परिसर के निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने दर्शन व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा, नियंत्रण कक्ष एवं सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं।
भीड़ प्रबंधन को लेकर जिला पदाधिकारी ने पर्याप्त बैरिकेडिंग लगाने, पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रभावी प्रतिनियुक्ति करने तथा सीसीटीवी कैमरे, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली एवं नियंत्रण कक्ष को पूरी तरह सक्रिय रखने का निर्देश दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन के लिए कतार प्रबंधन को विशेष प्राथमिकता देने की बात कही।
रामरेखा घाट के निरीक्षण के दौरान नगर परिषद बक्सर को घाटों की साफ-सफाई, मजबूत बैरिकेडिंग, पर्याप्त रोशनी, शौचालय, चेंजिंग रूम तथा सभी सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही चेतावनी संबंधी फ्लेक्स, एलईडी डिस्प्ले एवं साइनेज बोर्ड लगाकर श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
डुमरांव स्थित जंगली महादेव शिव मंदिर के निरीक्षण के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद को मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग को मोटरेबल बनाने तथा प्रभावी माइकिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं जिला आपदा शाखा को रामरेखा घाट सहित प्रमुख घाटों पर शनिवार से सोमवार तक एसडीआरएफ टीम, नाव, नाविक एवं प्रशिक्षित गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति करने का आदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य ने संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। जिला पदाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को पार्किंग, यातायात संचालन एवं विभागीय समन्वय के साथ नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि बक्सर जिला प्रशासन और पुलिस श्रावणी माह में श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।





