चक्की में राजद प्रखंड अध्यक्ष महेंद्र राम का निधन, शोक
विधायक शंभू नाथ सिंह यादव पहुंचे, परिजनों को ढांढस बंधाया

बक्सर जिले के ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चक्की प्रखंड के ग्राम पंचायत चक्की में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रखंड अध्यक्ष महेंद्र राम के आकस्मिक निधन से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। उनके अचानक निधन की खबर मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और स्थानीय लोगों में गहरा दुख व्याप्त हो गया।
सूचना मिलते ही ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक शंभू नाथ सिंह यादव अपने समर्थकों और राजद कार्यकर्ताओं के साथ चक्की गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर के समक्ष दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
विधायक शंभू नाथ सिंह यादव ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि महेंद्र राम पार्टी के बेहद सक्रिय, कर्मठ और जुझारू कार्यकर्ता थे। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके असमय निधन से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई करना कठिन होगा। उन्होंने कहा कि आज हमने अपने एक होनहार और समर्पित साथी को खो दिया है, जिससे सभी कार्यकर्ता बेहद मर्माहत हैं।
इस मौके पर विधायक ने दिवंगत महेंद्र राम के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और इस दुख की घड़ी में धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी और क्षेत्र की जनता इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ी है।
अंत में विधायक ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और राजद कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




