मिलेट आधारित उद्यमिता से ग्रामीण महिलाओं को मिली नई पहचान
बड़का राजपुर में महिला दिवस पर मिलेट प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

बक्सर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले के सिमरी प्रखंड स्थित बड़का राजपुर गांव में सस्टेनेबल भारत फाउंडेशन द्वारा “जलवायु-सहिष्णु महिला उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। बाढ़ प्रभावित इस क्षेत्र में आयोजित इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें मिलेट आधारित खाद्य प्रसंस्करण से जोड़ना था।
कार्यक्रम में लगभग 50 ग्रामीण महिलाओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मोटे अनाज यानी मिलेट से पौष्टिक खाद्य उत्पाद तैयार करने, उनके मूल्य संवर्धन और स्थानीय बाजार तक पहुंचाने की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि मिलेट आधारित उत्पाद न केवल पोषण से भरपूर होते हैं, बल्कि कम लागत में तैयार होकर बेहतर आय का साधन भी बन सकते हैं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि स्थानीय समाजसेवी श्रीमती देवकुमारी देवी ने महिलाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यदि एक लड़की शिक्षित होती है तो उसका पूरा परिवार शिक्षित और सशक्त बनता है। महिलाओं की भागीदारी से ही समाज और गांव का समग्र विकास संभव है।
पटना से आई मिलेट विशेषज्ञ श्रीमती तारा देवी ने महिलाओं को घर आधारित मिलेट प्रसंस्करण की तकनीकों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर तैयार किए गए मिलेट उत्पादों की बाजार में अच्छी मांग है और महिलाएं छोटे स्तर से शुरुआत कर आय के नए स्रोत विकसित कर सकती हैं।
सस्टेनेबल भारत फाउंडेशन के प्रबंध निदेशक संकेत कुमार ने कहा कि यदि स्थानीय उत्पादों को उचित बाजार उपलब्ध कराया जाए तो इससे महिलाओं की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान दैनिक भास्कर के पत्रकार जयप्रकाश मिश्रा ने जलवायु परिवर्तन के दौर में महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि महिलाएं पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ आजीविका के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
इस मौके पर फाउंडेशन के कार्यकारी निदेशक डॉ. मनीष कुमार ने कहा कि बिहार में पहले से मौजूद जीविका जैसे मजबूत मंच के माध्यम से महिलाओं को मिलेट आधारित सूक्ष्म उद्यमों से जोड़ा जा सकता है। कार्यक्रम में पैक्स अध्यक्ष आस नारायण मिश्रा सहित पैक्स और जीविका से जुड़े कई सदस्य भी उपस्थित रहे।




