Uncategorized

बक्सर नगर निकायों में कचरा उठाव पर सख्ती, अधिकारियों को निगरानी की जिम्मेदारी

जियो टैग फोटो से होगी मॉनिटरिंग, 24 घंटे में सफाई नहीं होने पर कार्रवाई

बक्सर। नगर निकाय क्षेत्रों में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा हो रहे कचरे को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। जिला पदाधिकारी ने साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर परिषद और नगर पंचायत के अलग-अलग वार्डों की निगरानी हेतु वरीय पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।
जारी आदेश के अनुसार अधिकारी नियमित रूप से वार्डों का भ्रमण करेंगे। यदि किसी स्थान पर कचरा पाया जाता है तो उसकी जियो टैग फोटो नगर निकाय के व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा करनी होगी। इसके बाद संबंधित नगर निकाय को 24 घंटे के भीतर कचरा हटाकर स्थल की सफाई कराना अनिवार्य होगा।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि कई माध्यमों से सूचना मिल रही थी कि नगर निकाय क्षेत्रों में सड़कों के किनारे और सार्वजनिक स्थलों से नियमित रूप से कचरा नहीं उठाया जा रहा है, जिससे कई जगहों पर कचरा जमा हो जाता है और प्रदूषण के साथ बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए साफ-सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है।
नगर परिषद बक्सर, नगर परिषद डुमरांव तथा नगर पंचायत चौसा, इटाढ़ी और ब्रह्मपुर के सभी वार्डों में अलग-अलग पदाधिकारियों को निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है।
निर्देश दिया गया है कि नामित अधिकारी नियमित अंतराल पर वार्डों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। यदि कहीं कचरा मिलता है तो उसकी जियो टैग फोटो साझा की जाएगी और संबंधित कार्यपालक पदाधिकारी को 24 घंटे के भीतर कचरा हटवाकर सफाई सुनिश्चित करनी होगी। आदेश का पालन नहीं करने पर संबंधित नगर परिषद या नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button