बक्सर में गैस एजेंसियों की जांच, व्यवस्था सुधार के निर्देश
बक्सर में डीएम ने किया गैस एजेंटीयों का निरीक्षण

बक्सर। जिला प्रशासन द्वारा गैस वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला ने नगर क्षेत्र की विभिन्न गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी एवं सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के क्रम में मेसर्स कुँवर ज्योति गैस एजेंसी, चरित्रवन तथा सोनामति इंडेन गैस एजेंसी के गोदामों की स्थिति का जायजा लिया गया।
जांच के दौरान पाया गया कि कुँवर ज्योति गैस एजेंसी में पिछले दो दिनों से सिलेंडर वाहन नहीं आने के कारण वितरण बाधित है, जिससे 2446 उपभोक्ताओं की बुकिंग लंबित है। वहीं सोनामति इंडेन गैस एजेंसी में भी करीब 2600 उपभोक्ताओं की बुकिंग लंबित पाई गई। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को बुकिंग के तीन दिनों के भीतर हर हाल में होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जाए।
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि कुछ एजेंसियों द्वारा सूचना पट्ट का संधारण नहीं किया जा रहा है, जिसे प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। संबंधित एजेंसी के संचालक से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया गया है।
जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित कराने तथा नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस कार्रवाई से उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।




