चैती छठ की तैयारी में प्रशासन सक्रिय, गंगा घाटों का निरीक्षण
सुरक्षा, सफाई और रोशनी व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

बक्सर। चैती छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। गुरुवार को जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य ने गंगा नदी के विभिन्न घाटों का नाव के माध्यम से संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा और सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में नगर परिषद को पक्का घाटों के आसपास स्थित मिट्टी वाले घाटों की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही घाटों से कचरा हटाने, चेंजिंग रूम एवं अस्थायी शौचालय की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया। हाई मास्ट लाइटों की जांच कर उन्हें शीघ्र चालू करने के निर्देश भी दिए गए।
सुरक्षा के मद्देनजर अंचल अधिकारी को घाटों पर नाव, नाविक, लाइफ जैकेट और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। आपदा प्रबंधन विभाग को NDRF/SDRF टीमों की प्रतिनियुक्ति कर आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकों की तैनाती और बोट क्लीनिक की व्यवस्था करने को कहा गया।
इसके अलावा, 24 से 25 मार्च तक गंगा नदी में निजी नावों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने यातायात व्यवस्था और विधि-व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।




