वंदे मातरम् के 150 वर्ष, बक्सर में भव्य आयोजन
जिला प्रशासन के तत्वावधान में सामूहिक गायन, गूंजा देशभक्ति संदेश

बक्सर समाहरणालय परिसर में सोमवार को ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन के तत्वावधान में एक भव्य और ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मियों और अन्य उपस्थित लोगों ने एक साथ सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन कर देशभक्ति का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक गायन से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम और उत्साह से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह गीत केवल एक राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा रहा है, जिसने लाखों देशभक्तों को प्रेरित कर आजादी की लड़ाई में आगे बढ़ने की शक्ति दी।
उन्होंने आगे कहा कि ‘वंदे मातरम्’ आज भी देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है, जो हर भारतीय के दिल में देशप्रेम की भावना को जागृत करता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में ‘वंदे मातरम्’ का उद्घोष करते हुए राष्ट्र की उन्नति, एकता और विकास के लिए संकल्प लिया।
यह आयोजन न केवल इतिहास की गौरवशाली विरासत को याद करने का अवसर बना, बल्कि नई पीढ़ी को देशभक्ति के मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी साबित हुआ।




