बक्सर पुलिस को मिली सफलता,,भारी मात्रा में (मादक पदार्थ) गांजा बरामद तीन गिरफ्तार
विशेष टीम की छापेमारी में 78.965 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त

वीडियो बक्सर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। डुमरांव थाना क्षेत्र के जंगल बाजार रोड स्थित शक्ति द्वार के समीप पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में गांजा बरामद करते हुए तीन कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दिनांक 30 मार्च 2026 को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पोलस्त कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छोटे तुरहा के घर पर विधिवत छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 78.965 किलोग्राम गांजा बरामद किया।
मौके से छोटे तुरहा के अलावा दो अन्य व्यक्ति—भीम कुमार और सत्येन्द्र कुमार—को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सत्येन्द्र कुमार ने स्वीकार किया कि वह अपने भाई के साथ पूर्व से ही मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में संलिप्त रहा है और वर्तमान में अन्य सहयोगियों के साथ इस अवैध कारोबार को चला रहा था।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक सफेद रंग की कार (BR01 BR 5423) और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिनका उपयोग इस अवैध कारोबार में किया जा रहा था।
इस संबंध में डुमरांव थाना में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पोलस्त कुमार, अंचल निरीक्षक अरविंद कुमार, थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा सहित अन्य पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
“बक्सर पुलिस आपकी सेवा में सदैव तत्पर” के संकल्प के साथ यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




