डंपर-ट्रक में जोरदार टक्कर के बाद लगी भीषण आग
सोनवर्षा क्षेत्र में हादसा, चालक-खलाशी कूदकर बचे, डंपर खाक

बक्सर जिले के नवानगर सोनवर्षा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-319 पर टीकपोखर गांव के समीप शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे के बाद डंपर में आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार सड़क किनारे एक ट्रक टायर पंचर होने के कारण खड़ा था। इसी दौरान पीछे से गिट्टी लदा एक अनियंत्रित डंपर आकर उसमें जोरदार टक्कर मार दिया।
टक्कर इतनी तेज थी कि डंपर के इंजन में शॉर्ट सर्किट हो गया और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा डंपर उसकी चपेट में आ गया। हालांकि गनीमत रही कि चालक और खलाशी ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। साथ ही तत्काल इसकी सूचना सोनवर्षा थाना एवं अग्निशमन विभाग को दी गई। प्रारंभिक रूप से पहुंची दमकल टीम आग की तीव्रता के कारण असफल रही, जिसके बाद जगदीशपुर, आरा और डुमरांव से अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं।
कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक डंपर पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था। ग्रामीणों के अनुसार यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो पास के गेहूं के खेत भी इसकी चपेट में आ सकते थे, जिससे बड़ा नुकसान संभव था।




