सिमरी में बेबी कॉर्न खेती से किसानों को मिली नई दिशा
पहली बार वेवी कॉर्न उगाकर किसान ने मिला कमाई का रास्ता

बक्सर। जिले के सिमरी प्रखंड क्षेत्र में किसान अब पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर आधुनिक तकनीकों को अपनाते हुए नई-नई फसलों की खेती की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं। इसी कड़ी में सिमरी प्रखंड के राजा के बगीचा समीप किसान सियाराम चौहान ने पहली बार वेवी कॉर्न (बेबी कॉर्न) की खेती कर एक नई मिसाल पेश की है।
किसान सियाराम चौहान ने बताया कि उन्हें इस फसल का बीज कृषि शताब्दी भवन, सिमरी से अनुदान के रूप में प्राप्त हुआ था। उत्सुकता के साथ उन्होंने पहली बार बेबी कॉर्न की खेती की शुरुआत की और बेहतर देखभाल के कारण फसल काफी अच्छी तैयार हुई।
मंगलवार को जब खेत में भुट्टा तैयार हुआ, तब प्रखंड कृषि समन्वयक सह उर्वरक निरीक्षक अमन अहमद और किसान सलाहकार रामधारी पासवान ने खेत का निरीक्षण किया। फसल की गुणवत्ता और उत्पादन को देखकर अधिकारी भी काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने मौके पर ही किसान से तीन क्विंटल बेबी कॉर्न भुट्टा करीब 5000 रुपये में खरीद लिया।
अधिकारियों ने बताया कि बेबी कॉर्न की मांग शहरों के बड़े-बड़े होटलों और रेस्टोरेंट्स में लगातार बढ़ रही है। इसकी सब्जी स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक भी होती है, जिसमें कई प्रकार के विटामिन और पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं।
किसान सियाराम चौहान की इस पहल से क्षेत्र के अन्य किसानों में भी नई फसलों के प्रति जागरूकता बढ़ी है। कृषि विभाग भी किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत बीज और तकनीकी सहायता प्रदान कर उनकी आय बढ़ाने के प्रयास में जुटा हुआ है।
यह पहल न केवल किसानों की आमदनी बढ़ाने में सहायक होगी, बल्कि कृषि क्षेत्र में नवाचार को भी बढ़ावा देगी। सिमरी क्षेत्र में बेबी कॉर्न की खेती भविष्य में किसानों के लिए एक लाभकारी विकल्प साबित हो सकती है। देखिए पूरी खबरों का वीडियो




