संपूर्णता अभियान में सुस्ती पर अधिकारियों को कड़ी चेतावनी
14 अप्रैल तक लक्ष्य पूरा करने का सख्त निर्देश

बक्सर समाहरणालय में उप विकास आयुक्त श्रीमती निहारिका छवि की अध्यक्षता में नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा संचालित प्रखंड आकांक्षी कार्यक्रम के तहत “संपूर्णता अभियान 2.0” की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में चयनित प्रखंड ब्रह्मपुर एवं चक्की में चल रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि अभियान के अंतर्गत निर्धारित कई संकेतकों पर अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी है। इस पर उप विकास आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि 14 अप्रैल 2026 तक हर हाल में सभी चिन्हित संकेतकों को संतृप्त किया जाए।
ज्ञात हो कि इस अभियान के तहत आईसीडीएस, शिक्षा तथा पशुपालन विभाग से जुड़े कुल छह महत्वपूर्ण संकेतकों को पूर्ण करना लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उप विकास आयुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी व्यक्तिगत रुचि लेकर कार्य करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा जमीनी स्तर पर प्रगति को तेज किया जाए। बैठक में जिला योजना पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के डीपीएम, ब्रह्मपुर एवं चक्की के प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा नहीं होने पर जवाबदेही तय की जाएगी।




