वन स्टॉप सेंटर निरीक्षण में महिला सशक्तिकरण पर जोर
पीड़ित महिलाओं को रोजगार, सुरक्षा और त्वरित सहायता सुनिश्चित

बक्सर, 30 अप्रैल। जिले में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। गुरुवार को उप विकास आयुक्त निहारिका छवि एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय ने बक्सर सदर प्रखंड परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, अभिलेखों और कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई।
उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि केंद्र पर आने वाली पीड़ित महिलाओं का स्किल मैपिंग कर उन्हें रोजगार प्रशिक्षण संस्थानों से जोड़ा जाए तथा प्रशिक्षण के बाद विभिन्न सरकारी योजनाओं से समन्वय स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जाए। उन्होंने हिंसा से पीड़ित महिलाओं के मामलों की नियमित मॉनिटरिंग और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर भी जोर दिया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता बढ़ाते हुए पीड़ित महिलाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने थानाध्यक्षों के साथ समन्वय बढ़ाने और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। वर्ष 2025-26 में केंद्र में कुल 145 मामले दर्ज हुए, जिनमें अधिकांश का निष्पादन कर दिया गया है।
इसके बाद अधिकारियों ने शक्ति सदन का निरीक्षण किया, जहां वर्तमान में 10 संवासिन रह रही हैं। उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अभिलेखों के नियमित संधारण का निर्देश दिया और रह रही लड़कियों से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।




