Uncategorized

बक्सर में नीट परीक्षा शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त संचालन सुनिश्चित

डीएम-एसपी ने केंद्रों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

बक्सर, 03 मई 2026। नीट (यूजी) 2026 परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। रविवार को जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने एमवी कॉलेज, चरित्रवन बक्सर तथा गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, महदह (इटाढ़ी रोड, पुलिस लाइन के समीप) परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। उन्होंने केंद्रों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं वीक्षकों को सख्त निर्देश दिया कि वे निरंतर भ्रमणशील रहकर परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराएं।
जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में कुल 1366 परीक्षार्थियों में से 1333 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 33 अनुपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि परीक्षा के दौरान किसी भी परीक्षार्थी को निष्कासित नहीं किया गया, जो प्रशासनिक सतर्कता और सुदृढ़ व्यवस्था का परिणाम है।
दूरभाष के माध्यम से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार बक्सर जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई। जिला प्रशासन द्वारा विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं पारदर्शी परीक्षा संचालन हेतु किए गए प्रयासों की व्यापक सराहना की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button