सिमरी थाना पहुंचे एसपी, पंचायत चुनाव तैयारियों की समीक्षा
लंबित मामलों के निष्पादन और निष्पक्ष पुलिसिंग पर जोर


सिमरी (बक्सर)। बक्सर जिले के सिमरी थाना में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने औचक निरीक्षण कर थाना के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव तथा लंबित मामलों की प्रगति की विस्तृत जांच की। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने आगामी पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने थाना अध्यक्ष ज्योति कुमारी सहित सभी पुलिस पदाधिकारियों को पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कार्य में शिथिलता या शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने पंचायत चुनाव को देखते हुए असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी पुलिसिंग पर बल दिया।
इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पोलस्त कुमार, पुलिस निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों के साथ बैठक में पुलिस-पब्लिक संबंधों को और मजबूत बनाने, आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा जनता का विश्वास कायम रखने पर भी चर्चा की गई।




