सिमरी के अभिषेक बने सप्लाई इंस्पेक्टर, क्षेत्र में खुशी
70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता पर डुमरांव स्टेशन पर भव्य स्वागत

सिमरी (बक्सर) से संवाददाता। बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत दुधी पट्टी गांव के होनहार युवा अभिषेक गुप्ता ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सप्लाई इंस्पेक्टर पद पर चयनित होकर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव सहित पूरे सिमरी प्रखंड में खुशी का माहौल है।
दुधी पट्टी निवासी स्वर्गीय भगवान गुप्ता, जो पूर्व शिक्षक थे, के पुत्र अभिषेक गुप्ता की सफलता की खबर मिलते ही परिजनों, मित्रों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों में उत्साह का माहौल बन गया। बुधवार को जब उनके गांव लौटने की सूचना मिली तो बड़ी संख्या में लोग डुमरांव रेलवे स्टेशन पहुंचे और फूल-मालाओं तथा अंगवस्त्र देकर उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।
अभिषेक गुप्ता की सफलता को लेकर उनके बड़े भाई एवं शिक्षक आशीष गुप्ता ने कहा कि वह बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और मेहनती रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनके अथक परिश्रम, अनुशासन और लगन का परिणाम है।
वहीं शिक्षक विजय कुमार राय ने कहा कि अभिषेक की सफलता किसी के लिए आश्चर्य की बात नहीं है, क्योंकि वह शुरू से ही लक्ष्य के प्रति समर्पित रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह उनकी पहली सफलता है, आखिरी नहीं और भविष्य में वह इससे भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे।
अभिषेक की इस उपलब्धि से दुधी पट्टी गांव के साथ-साथ पूरे सिमरी क्षेत्र में गर्व और खुशी का वातावरण है। ग्रामीणों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
ग्रामीणों का कहना है कि अभिषेक गुप्ता की मेहनत, संघर्ष और सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। मौके पर समाज सेवी डम डम राय , बीडीसी दिनेश साहू , वार्ड सदस्य सुड्डू दुबे ,पूर्व उप मुखिया प्रतिनिधि छोटक पांडेय, हेमंत साह अंजनी गुप्ता , आशीष गुप्ता भकोला यादव,पप्पू दुबे ,राहुल पासवान,भाजपा नेता दीपक यादव सहित उनके सपरिवार मौजूद रहे । 





