औचक निरीक्षण में चौसा सीएचसी की खुली पोल, कर्मी अनुपस्थित
डीएम साहिला ने लगाई फटकार, वेतन रोकने व निलंबन की कार्रवाई का निर्देश

चौसा (बक्सर)। जिला पदाधिकारी साहिला ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौसा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं में कई खामियां सामने आईं। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य प्रबंधक, लिपिक, एएनएम, पीएमडब्ल्यू और जीएनएम समेत कई चिकित्सक एवं कर्मी अनुपस्थित पाए गए। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित चिकित्सकों के संबंधित तिथि के वेतन भुगतान पर रोक लगाते हुए स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश सिविल सर्जन बक्सर को दिया गया। वहीं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से भी अनुपस्थिति अवधि का वेतन स्थगित कर स्पष्टीकरण मांगा गया। स्वास्थ्य प्रबंधक एवं लिपिक के उपस्थिति दर्ज करने के बाद कार्यालय से अनुपस्थित रहने की बात सामने आने पर दोनों को निलंबित करने का निर्देश दिया गया। एएनएम, पीएमडब्ल्यू और जीएनएम से भी अनुपस्थिति अवधि का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है।
औचक निरीक्षण में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में संचालित राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय बंद मिला। इसके अलावा अस्पताल भवन में स्थित दंत चिकित्सक का कक्ष भी बंद पाया गया। डीएम ने इस मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया।
अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। इस पर सिविल सर्जन एवं डीपीएम से स्पष्टीकरण देने को कहा गया। डीएम ने अस्पताल में चिकित्सकों और कर्मियों की समय पर उपस्थिति, दवाओं तथा मरीजों को मिलने वाली अन्य सुविधाओं की नियमित समीक्षा और औचक निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान दवा वितरण केंद्र और स्टॉक की भी जांच की गई। डीएम ने फार्मासिस्ट को माहवार एक्सपायरी होने वाली दवाओं की सूची तैयार रखने तथा एक्सपायरी दवाओं को उपयोग से हटाकर नियमानुसार निस्तारित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान भूमि सुधार उप समाहर्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी जिला गोपनीय शाखा और बीडीओ चौसा भी मौजूद रहे।




