बनारपुर महादलित टोले में रविदास समरसता शिविर का शुभारंभ
510 अनुसूचित जाति टोलों में लगेंगे शिविर, 22 जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र लाभुकों को जोड़ने का लक्ष्य

बक्सर। संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को चौसा प्रखंड के बनारपुर स्थित महादलित टोला के सामुदायिक भवन में संत रविदास समरसता विकास शिविर का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अनुसूचित जाति समुदाय के लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी ने उपस्थित लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन करने को प्रेरित किया। उन्होंने राशन कार्ड, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, विद्यालय में नामांकन, आंगनबाड़ी सेवाएं, कौशल युवा कार्यक्रम, आयुष्मान भारत कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं और मनरेगा जॉब कार्ड सहित विभिन्न पेंशन योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही योजनाओं के तहत मिलने वाले लाभ और आवेदन की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से बताया।
शिविर के दौरान पात्र लाभुकों के बीच आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र और चश्मे का वितरण किया गया। अधिकारियों ने लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करने की अपील की।
जिला प्रशासन के अनुसार संत गुरु रविदास समरसता विकास शिविर का आयोजन 27 अगस्त 2026 से 15 फरवरी 2027 तक किया जाएगा। प्रत्येक गुरुवार को निर्धारित माइक्रोप्लान के अनुसार जिले के अनुसूचित जाति टोलों में शिविर आयोजित होंगे। इस अवधि में जिले के कुल 510 अनुसूचित जाति टोलों में शिविर लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
शिविरों में आसपास के टोलों को भी जोड़कर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति समुदाय के पात्र लाभुकों को सरकार की 22 जनकल्याणकारी योजनाओं से शत-प्रतिशत आच्छादित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी क्रम में जिले के सभी प्रखंडों में भी जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारियों की मौजूदगी में शिविर आयोजित किए गए। अधिकारियों ने लाभुकों की समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए उन्हें योजनाओं से जोड़ने की दिशा में कार्रवाई की।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।




