बिझौरा पंचायत में पंचायत विकास दिवस का हुआ शुभारंभ
डीडीसी निहारिका छवि ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन, ग्रामीणों को योजनाओं की दी गई जानकारी

बक्सर इटाढ़ी। प्रखंड अंतर्गत बिझौरा पंचायत में रविवार को पंचायत विकास दिवस का विधिवत शुभारंभ उप विकास आयुक्त बक्सर श्रीमती निहारिका छवि ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाना और सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं के प्रति आमजनों को जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं और सुझाव भी सुने गए।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि मजबूत एवं सशक्त पंचायतें ही समावेशी ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं। पंचायत में संचालित विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच सके।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं, ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया।
पंचायत विकास दिवस के आयोजन से ग्रामीणों में सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पंचायत स्तर पर सरकारी सेवाओं की पहुंच बेहतर बनाने का संदेश दिया गया। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि जिले के विभिन्न प्रखंडों की अलग-अलग पंचायतों में भी वरीय पदाधिकारियों ने पंचायत विकास दिवस के आयोजन में सहभागिता सुनिश्चित की।
कार्यक्रम में प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारी-कर्मी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।




