Uncategorized

गंगौली-जनेश्वर सेतु मार्ग का एसडीओ ने किया निरीक्षण

दियारा क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा पर प्रशासन की नजर, छह नावें और सुरक्षा उपकरण तैनात

सिमरी, बक्सर। बक्सर जिले के सिमरी अंचल क्षेत्र में गंगा के बढ़ते जलस्तर से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार ने विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने गंगौली से जनेश्वर मिश्र सेतु पुल जाने वाले मार्ग के साथ-साथ रामदास का डेरा और श्रीकांत राय का डेरा पहुंचकर बाढ़ की स्थिति, आवागमन और लोगों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। गंगा के जलस्तर में वृद्धि के कारण दियारा क्षेत्र के लोगों के सामने आवागमन और दैनिक जरूरतों से जुड़ी परेशानियां बढ़ने लगी हैं।
इधर, बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा को लेकर अंचल प्रशासन की ओर से भी विशेष व्यवस्था की गई है। अंचलाधिकारी भगवती शंकर पांडे के नेतृत्व में छह नावों को लाइफ जैकेट और रिंग समेत आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के साथ संचालित कराया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि बाढ़ की स्थिति में लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
एसडीओ राजीव कुमार ने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति पर जिला प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है। प्रशासनिक टीम नियमित रूप से क्षेत्र का जायजा ले रही है और लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। बाढ़ प्रभावित दियारा क्षेत्र के लोगों के लिए पशु चारा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी जल्द उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तत्काल सूचना दें और तेज बहाव वाले पानी में अनावश्यक रूप से आवागमन करने से बचें। प्रशासन की ओर से नावों और सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा सके।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण से स्थानीय लोगों में प्रशासन की सक्रियता को लेकर भरोसा बढ़ा है। वहीं, ग्रामीणों ने भी प्रशासन से बाढ़ की स्थिति को देखते हुए आवश्यक सुविधाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है।

सिमरी से सुंदर लाल की रिपोट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button