डुमरांव मे जर्जर सड़क पर जलजमाव से बढ़ी परेशानी, पलटा ई-रिक्शा
शिकायतों के बावजूद नहीं हुई मरम्मत, रोज हादसे का शिकार हो रहे राहगीर और वाहन चालक


डुमरांव, बक्सर। डुमरांव शहर में जर्जर सड़क पर जलजमाव ने राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार जिला प्रशासन से लेकर जदयू विधायक राहुल सिंह तक शिकायत की, लेकिन अब तक सड़क का निर्माण तो दूर, उसकी मरम्मत तक नहीं कराई गई है। ऐसे में लोगों को प्रतिदिन जोखिम उठाकर इस सड़क से गुजरना पड़ रहा है।
सोमवार की दोपहर जलजमाव के बीच सड़क से गुजर रहा एक खाली ई-रिक्शा अचानक पलट गया। गनीमत रही कि हादसे के समय ई-रिक्शा में कोई यात्री सवार नहीं था। ई-रिक्शा चालक भी बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह ई-रिक्शा को उठाकर सड़क किनारे किया। इसके बाद आवागमन सामान्य हो सका और सड़क पर लगा जाम समाप्त हुआ।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सड़क की जर्जर स्थिति और उस पर जमा पानी के कारण आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं। जलजमाव के कारण सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ ई-रिक्शा और अन्य वाहनों के पलटने का खतरा बना रहता है।
लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण और मरम्मत को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। बारिश के बाद स्थिति और भी खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और पानी जमा होने के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द सड़क की मरम्मत कराने तथा जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले लोगों को राहत मिल सके।




