

🙏जनार्दन मिश्रा को श्रद्धांजलि🙏
केशोपुर/बक्सर। केशोपुर गांव निवासी एवं भारतीय जनसंघ के कार्यकाल से संगठन से जुड़े रहे वरिष्ठ कार्यकर्ता 95 स्वर्गीय जनार्दन मिश्रा के निधन पर रविवार की शाम करीब चार बजे भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान दिवंगत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।
भाजपा नेताओं ने कहा कि स्वर्गीय जनार्दन मिश्रा लंबे समय तक संगठन के प्रति समर्पित रहे और जनसंघ के दौर से ही विचारधारा एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे। उनके निधन से क्षेत्र के सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं में शोक की भावना है। उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व, सरल व्यवहार और संगठन के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि उनके योगदान को हमेशा स्मरण किया जाएगा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा नेता अन्नू तिवारी, बिनोद राय, नंदजी सिंह, राजाराम पाण्डेय, नागेंद्र यादव, ललन राय, श्रीभगवान सिंह त्यागी, जितेंद्र दुबे, अतीश लाल, अशोक लाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की। इस दौरान माहौल गमगीन रहा और उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय जनार्दन मिश्रा के सामाजिक एवं संगठनात्मक योगदान को श्रद्धापूर्वक याद किया।



