Uncategorized

दलित परिवार के बेटे प्रतीक ने बीएससी परीक्षा में बढ़ाया मान

143 वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम किया रोशन

बक्सर। बक्सर जिले के नई बाजार अकरौड़ा से एक प्रेरणादायक और गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। दलित बस्ती के एक मेधावी युवक प्रतीक कुमार ने बीएससी-70 परीक्षा में 143वीं रैंक हासिल कर टैक्स टेक्स्ट असिस्टेंट के पद प्राप्त कर न केवल अपने माता-पिता का सपना साकार किया है, बल्कि पूरे बक्सर जिले का नाम भी रोशन किया है।
प्रतीक कुमार, शिक्षक रमेशचंद्र राम के पुत्र हैं, जो प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बीच पले-बढ़े प्रतीक ने कठिन परिस्थितियों से संघर्ष करते हुए यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।
प्रतीक की सफलता की खबर मिलते ही उनके मित्र एवं पुलिस पदाधिकारी प्रवीण देव ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। इस दौरान उनके अन्य मित्र भी मौजूद रहे और सभी ने मिलकर इस सफलता का जश्न मनाया।
इस अवसर पर पुलिस पदाधिकारी प्रवीण देव ने कहा, “शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। कोई भी व्यक्ति अपनी परिस्थितियों से नहीं, बल्कि अपने संकल्प और मेहनत से पहचाना जाता है। शिक्षा ऐसा सच्चा मित्र है, जो हर परिस्थिति में आपका साथ देता है और आपको सम्मान, आत्मविश्वास तथा सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाता है। प्रतीक कुमार की सफलता यह साबित करती है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो अभाव भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकते।”
उन्होंने कहा कि प्रतीक जैसे युवाओं की उपलब्धियां समाज के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि मेहनत, लगन और शिक्षा के बल पर कोई भी युवा अपने सपनों को साकार कर सकता है।
प्रतीक कुमार की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button