Uncategorized

बक्सर डीएम साहिला ने लोक शिकायतों पर की सुनवाई

सात मामलों की समीक्षा, एक का मौके पर हुआ निष्पादन

बक्सर, 16 अप्रैल। जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला ने शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोक शिकायतों की द्वितीय अपील की सुनवाई की। इस दौरान कुल 07 मामलों पर गंभीरता से विचार किया गया, जिनमें सभी मामले लोक शिकायत अधिकार निवारण अधिनियम से संबंधित थे।
सुनवाई के क्रम में जिला पदाधिकारी ने एक मामले का मौके पर ही निष्पादन करते हुए संबंधित अधिकारियों को शेष मामलों के शीघ्र और पारदर्शी समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध निपटारा प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर स्थापना उप समाहर्ता, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नगर परिषद बक्सर के कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी डुमरांव, अंचलाधिकारी बक्सर एवं नावानगर भी सुनवाई में शामिल हुए।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतों के निष्पादन में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि आम नागरिकों को त्वरित न्याय मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि लोक शिकायत निवारण व्यवस्था जनता और प्रशासन के बीच विश्वास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button