बक्सर पुलिस ने लू से बचाव को जारी किए जरूरी निर्देश
गर्मी में सतर्कता बरतें, स्वास्थ्य सुरक्षा के उपाय अपनाने की अपील

बक्सर, 22 अप्रैल। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए बक्सर पुलिस ने आमजन से लू (हीट वेव) से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। “जन विश्वास संकल्प हमारा” अभियान के तहत पुलिस प्रशासन ने लोगों को जागरूक करते हुए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
पुलिस ने बताया कि जब भी लोग धूप में घर से बाहर निकलें, तो सिर को गमछा या टोपी से अवश्य ढकें, ताकि तेज धूप का सीधा असर शरीर पर न पड़े। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बेहद जरूरी है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे बार-बार पानी पिएं और यात्रा के दौरान अपने साथ पानी अवश्य रखें।
इसके अलावा हल्के रंग के, ढीले-ढाले और सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है, जिससे शरीर को ठंडक मिलती है। धूप से बचाव के लिए चश्मे का उपयोग करें और पैरों में जूते या चप्पल पहनना न भूलें। भोजन में हल्के आहार के साथ तरबूज, खीरा, ककड़ी, खरबूजा और संतरा जैसे पानी से भरपूर मौसमी फलों का सेवन करने पर भी जोर दिया गया है।
पुलिस ने पशुपालकों से भी अपील की है कि वे अपने जानवरों को छांव में रखें और उन्हें पर्याप्त पानी पिलाएं। यदि किसी व्यक्ति को चक्कर, कमजोरी या तबीयत खराब महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
बक्सर पुलिस ने अंत में कहा कि “सावधानी ही बचाव है” — इसलिए लू से सुरक्षित रहें और स्वस्थ जीवन जीएं।




