Uncategorized

सखी वार्ता कार्यक्रम से महिलाओं को योजनाओं की मिली जानकारी

महादलित टोले में जागरूकता अभियान, हेल्पलाइन और अधिकार बताए

सिमरी (बक्सर)। महिला एवं बाल विकास निगम की ओर से सोमवार को सिमरी प्रखंड की मझवारी पंचायत अंतर्गत गोपालपुर गांव के महादलित टोला स्थित सरकारी भवन आंगनबाड़ी केंद्र में सखी वार्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों और ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में सखी वन स्टॉप सेंटर एवं जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन (HUB) के कर्मियों ने महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006, पीसीपीएनडीटी एवं एमटीपी एक्ट, साइबर अपराध से बचाव तथा नशा मुक्ति अभियान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।
साथ ही उपस्थित महिलाओं और किशोरियों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, महिला हेल्पलाइन नंबर 181 तथा साइबर अपराध से संबंधित टोल फ्री नंबर 1930 के बारे में भी विस्तार से बताया गया। जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन के कर्मियों ने विभिन्न पेंशन योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान वन स्टॉप सेंटर द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की भी जानकारी दी गई। दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा, यौन शोषण तथा महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अन्य अपराधों पर चर्चा करते हुए पीड़ित महिलाओं को सहायता प्राप्त करने के उपाय बताए गए।
कर्मियों ने ग्रामीण महिलाओं एवं किशोरियों से संवाद स्थापित कर यह भी जाना कि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। जिन योजनाओं का लाभ अब तक नहीं मिल पाया है, उनके संबंध में जानकारी एकत्रित की गई। अंत में सभी महिलाओं को वन स्टॉप सेंटर के कार्यालय का पता बताते हुए आवश्यकता पड़ने पर वहां संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button